नोएडा में बीमा मैच्योरिटी के नाम पर 25 लाख की ठगी, अलग-अलग बहानों से रकम ट्रांसफर कराई, जांच में जुटी पुलिस
- Shiv Kumar
- 18 May, 2026
ग्रेटर नोएडा में बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी राशि दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने खुद को बीमा कंपनी और एनपीसीआई का अधिकारी बताकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया और अलग-अलग बहानों से लाखों रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बीटा-2 थाना क्षेत्र निवासी यशपाल भाटी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 और 2023 में विभिन्न कंपनियों की जीवन बीमा पॉलिसियां खरीदी थीं। नवंबर 2025 में उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉलर ने दावा किया कि उनकी पॉलिसियां मैच्योर हो चुकी हैं और उन्हें करीब 1.23 करोड़ रुपये मिलने हैं। इसी लालच में आकर वह ठगी का शिकार हो गए।
बीमा कंपनी और एनपीसीआई अधिकारी बनकर किया संपर्क
पीड़ित के मुताबिक शुरुआत में आरोपी ने खुद को बीमा कंपनी का अधिकारी बताया और बाद में एनपीसीआई अधिकारी होने का दावा किया। ठगों ने कहा कि मैच्योरिटी राशि जारी करने से पहले कुछ प्रीमियम और प्रोसेसिंग फीस जमा करनी होगी। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, टैक्स, पेनल्टी, प्रीमियम और चार्टर्ड अकाउंटेंट फीस के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच आरोपी लगातार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल करते रहे और हर बार नया बहाना बनाकर पैसे मांगते रहे। कभी 45 हजार रुपये प्रोसेसिंग फीस तो कभी लाखों रुपये प्रीमियम और टैक्स के नाम पर वसूले गए।
25 लाख से ज्यादा रकम हड़पी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
पीड़ित ने बताया कि इस तरह ठगों ने कुल 25 लाख 46 हजार 932 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। काफी रकम देने के बावजूद जब मैच्योरिटी राशि खाते में नहीं पहुंची, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर थाने में एफआईआर कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के बैंक खातों व मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई जा रही है। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या लालच में आकर बैंक डिटेल साझा न करें और किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले पूरी जांच जरूर करें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






