नोएडा में तेज रफ्तार BMW का कहर, बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर, मोके से फरार हुआ कार चालक, पुलिस जांच में जुटी
- Shiv Kumar
- 19 May, 2026
नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार BMW कार का कहर देखने को मिला। पर्थला चौकी के पास देर रात एक लग्जरी कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूर जा गिरे बाइक सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक BMW कार काफी तेज रफ्तार में थी। पर्थला चौकी के पास अचानक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद आरोपी चालक ने वाहन नहीं रोका और मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन एक युवक की जान नहीं बच सकी। दूसरे घायल युवक का इलाज जारी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सेक्टर-113 थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार BMW चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि कार की तलाश की जा रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल युवक से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






