दीपक नागर हत्याकांड के दो आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़, आरोपी घायल, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
- Shiv Kumar
- 21 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के वैदपुरा गांव में युवक दीपक नागर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। ईकोटेक थर्ड थाना पुलिस और बदमाशों के बीच यह मुठभेड़ डी चौकी क्षेत्र के गोल चक्कर के पास हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी जगत और उसका साथी हर्ष घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। बताया जा रहा है कि दीपक नागर की हत्या के बाद से इलाके में भारी तनाव था और ग्रामीण लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार चेकिंग और दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल होकर पकड़े गए।
रात की ड्यूटी पर जाते समय बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
वैदपुरा गांव निवासी 28 वर्षीय दीपक नागर दिल्ली के गाजीपुर स्थित कंपनी में नौकरी करता था और बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे ड्यूटी के लिए घर से निकला था। गांव से बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। ग्रामीणों के मुताबिक हमलावरों ने पांच से छह राउंड फायर किए, जिनमें कई गोलियां दीपक के सिर और पीठ में लगीं। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में दीपक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में गुस्सा फैल गया और देर रात से ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और मौके पर जुटने लगे। परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताते हुए गांव के कुछ लोगों पर शक जाहिर किया था।
ग्रामीणों ने लगाया जाम, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
हत्या के बाद गुरुवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने गोल चक्कर पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पूरे मामले का खुलासा किया जाए। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया। डीसीपी सेंट्रल जोन शैलेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार मुख्य आरोपी समेत अन्य बदमाशों की तलाश जारी है। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






