ग्रेटर नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मारपीट और जान से मारने की धमकी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 21 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना पुलिस ने मारपीट और धमकी देने के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को दादरी थाना क्षेत्र के नैनसुख तिराहा स्थित गन्ने के कोल्हू के पास से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेदराम उर्फ वेदू, अमित और ऋषभ के रूप में हुई है। तीनों आरोपी गौतमबुद्धनगर के ग्राम नंगला चमरू के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश के दौरान की गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
2 मई को हुई थी मारपीट की घटना
पुलिस के मुताबिक 2 मई 2026 को पीड़ित ने थाना जारचा में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने उसके और उसके भाई के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी। इसके साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। शिकायत के आधार पर थाना जारचा में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस ने नैनसुख तिराहा से दबोचा
जारचा थाना पुलिस ने गुरुवार को सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने नैनसुख तिराहा के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






