नोएडा में भीषण गर्मी में वाटर ATM व्यवस्था की खुली पोल, वाटर ATM पर लोगों की लगी लंबी लाइनें, शहर में कई वाटर ATM मिले बंद
- Shiv Kumar
- 22 May, 2026
नोएडा में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी के बीच शहर की पेयजल व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से लोगों का हाल बेहाल है और डॉक्टर लगातार ज्यादा पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में लगे वाटर एटीएम बंद मिले, जिससे राहगीरों, मजदूरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सेक्टर-12, सेक्टर-24 और हरौला लेबर चौक समेत कई जगहों पर लोग पानी की बोतल लेकर लंबा इंतजार करते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद नोएडा प्राधिकरण की ओर से पेयजल व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। कई वाटर एटीएम या तो समय से पहले बंद हो जाते हैं या फिर तकनीकी खराबी और बिजली कटौती का हवाला देकर बंद रखे जाते हैं।
सेक्टर-12 में लगी लंबी कतारें, क्षमता कम होने का आरोप
सेक्टर-12 स्थित वाटर एटीएम पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। यहां पानी भरने के लिए लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके की आबादी के हिसाब से वाटर एटीएम की क्षमता बहुत कम है, जिसके कारण रोजाना लोगों को दिक्कत होती है। लोगों का आरोप है कि कई बार मशीनें सही तरीके से काम नहीं करतीं और समय से पहले बंद कर दी जाती हैं। वहीं सेक्टर-24 में पहुंचने पर वाटर एटीएम पूरी तरह बंद मिला। मौके पर मौजूद गार्ड और ऑपरेटर ने बिजली कटौती का हवाला देते हुए पानी सप्लाई बंद होने की बात कही। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां दोपहर 12 बजे तक ही पानी उपलब्ध कराया जाता है, जिसके बाद मशीन बंद कर दी जाती है।
ऑपरेटर पर नशे में गलत व्यवहार करने का आरोप
मामले को लेकर कुछ लोगों ने वाटर एटीएम के ऑपरेटर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौके पर मौजूद ऑपरेटर शराब के नशे में था और लोगों से गलत तरीके से बात कर रहा था। लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर भी उनकी बात नहीं सुनी गई। सेक्टर-5 हरौला लेबर चौक के पास लगे वाटर एटीएम की स्थिति भी खराब मिली। यहां काम करने वाले मजदूरों और राहगीरों को भीषण गर्मी में पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। लोगों का कहना है कि सुबह 10 या 11 बजे के बाद ही मशीनें बंद कर दी जाती हैं, जबकि सबसे ज्यादा जरूरत दोपहर के समय पड़ती है। भीषण गर्मी के बीच लगातार सामने आ रही इन शिकायतों ने नोएडा प्राधिकरण की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों ने मांगी बेहतर व्यवस्था
स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए सभी वाटर एटीएम नियमित रूप से चालू रखे जाएं और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि शहर में हर साल गर्मी के दौरान ऐसी समस्याएं सामने आती हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाता। वहीं विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी और हीटवेव के दौरान पानी की कमी लोगों की सेहत पर गंभीर असर डाल सकती है। ऐसे में सार्वजनिक पेयजल सुविधाओं का सुचारु रूप से चलना बेहद जरूरी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






