नोएडा एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, एसएससी परीक्षा में धांधली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 23 May, 2026
ग्रेटर नोएडा में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ऑनलाइन परीक्षा में बड़े स्तर पर धांधली करने वाले गिरोह का यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने पर्दाफाश किया है। शुक्रवार शाम की गई कार्रवाई में गिरोह के सरगना प्रदीप चौहान समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी नॉलेज पार्क स्थित बौधी तारू इंटरनेशनल स्कूल में बने बालाजी डिजिटल जोन सेंटर पर सीएपीएफ, एसएसएफ आरक्षी और असम राइफल राइफलमैन भर्ती परीक्षा में प्रॉक्सी सर्वर के जरिए धांधली कर रहे थे। एसटीएफ ने आरोपियों के पास से 50 लाख रुपए नकद, 10 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, राउटर, अभ्यर्थियों की सूची, प्रवेश पत्र और कंपनी के पहचान पत्र बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
प्रॉक्सी सर्वर से बाहर बैठकर हल कराते थे परीक्षा
एसटीएफ के अनुसार गिरोह ऑनलाइन परीक्षा केंद्र के असली सर्वर को बायपास कर प्रॉक्सी सर्वर और स्क्रीन शेयरिंग एप्लीकेशन का इस्तेमाल करता था। इससे परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे साल्वर अभ्यर्थियों का पेपर हल कर देते थे। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह प्रति अभ्यर्थी करीब 4 लाख रुपए वसूलता था। इसमें 50 हजार रुपए अभ्यर्थी लाने वाले सदस्य को दिए जाते थे, जबकि बाकी रकम सरगना और साल्वर आपस में बांट लेते थे। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी प्रदीप चौहान काफी समय से परीक्षा केंद्रों में इस तरह की धांधली करवा रहा था और उसके नेटवर्क में कई लोग जुड़े हुए थे।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुजफ्फरनगर, मथुरा, बुलंदशहर और बागपत के निवासी शामिल हैं। दो अभ्यर्थियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जो परीक्षा देने पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान गिरोह के 3-4 अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए तकनीकी जांच को और मजबूत किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






