ग्रेटर नोएडा में लापता बच्चे का शव मिलने से सनसनी, तीन दिन से था लापता, सिर पर मिले चोट के निशान
- Shiv Kumar
- 23 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र में तीन दिन से लापता 15 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बनवारी बांस गांव निवासी गोपाल के रूप में हुई है, जो 21 मई से लापता था। शनिवार सुबह उसका शव पास के रोही गांव स्थित एक खाली कमरे से बरामद हुआ। कमरे के अंदर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था और किशोर के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि गोपाल की बेरहमी से हत्या की गई है।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस कर रही थी तलाश
परिजनों के मुताबिक गोपाल अचानक घर से लापता हो गया था। पहले परिवार ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर शुक्रवार को जेवर कोतवाली पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस भी किशोर की तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि रोही गांव के एक कमरे में किशोर का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान गोपाल के रूप में की।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस, फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






