ग्रेटर नोएडा की स्काई गार्डन्स सोसाइटी में डीजल संकट को लेकर एडवाइजरी जारी, कम बिजली इस्तेमाल करने की अपील, रेजिडेंट्स परेशान

top-news
ग्रेटर नोएडा की स्काई गार्डन्स सोसाइटी में डीजल संकट को लेकर एडवाइजरी जारी होने के बाद रेजिडेंट्स परेशान हैं। लोगों ने जनरेटर न चलाने का आरोप लगाया है।

ग्रेटर नोएडा की स्काई गार्डन्स सोसाइटी में डीजल संकट को लेकर जारी एडवाइजरी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। सोसाइटी प्रबंधन की ओर से जारी नोटिस में “एशिया युद्ध” और सरकारी प्रतिबंधों का हवाला देते हुए डीजल सप्लाई प्रभावित होने की बात कही गई है। नोटिस में दावा किया गया कि डीजल की कमी के कारण पावर बैकअप सिस्टम चलाने में दिक्कत आ रही है। इसके चलते रेजिडेंट्स से अपील की गई है कि बिजली कटौती के दौरान कम से कम बिजली का इस्तेमाल करें, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर तरीके से प्रबंधन किया जा सके। यह एडवाइजरी 22 मई 2026 को जारी की गई थी।


रेजिडेंट्स ने बिल्डर पर लगाए गंभीर आरोप

सोसाइटी के कई लोगों ने प्रबंधन और बिल्डर पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। रेजिडेंट्स का कहना है कि डीजल संकट का हवाला देकर जनरेटर नियमित रूप से नहीं चलाया जा रहा है, जिसकी वजह से भीषण गर्मी में हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि लंबे समय तक बिजली कटौती होने के बावजूद बैकअप व्यवस्था सही तरीके से संचालित नहीं की जा रही। गर्मी के चलते छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।


सोशल मीडिया पर वायरल हुई एडवाइजरी

सोसाइटी की एडवाइजरी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। कई लोगों ने सवाल उठाए हैं कि यदि डीजल की कमी है तो उसके वैकल्पिक इंतजाम क्यों नहीं किए गए। वहीं कुछ रेजिडेंट्स ने कहा कि प्रबंधन को पहले से तैयारी करनी चाहिए थी, ताकि लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल सोसाइटी प्रबंधन की ओर से लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है और बिजली के सीमित उपयोग पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *