ग्रेटर नोएडा के जिला न्यायालय परिसर में भीषण आग लगने से मची अफरा-तफरी, दमकल ने समय रहते पाया काबू
- Shiv Kumar
- 23 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में बने टिन शेड में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि शेड में लगी प्लास्टिक और फाइबर शीट धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोर्ट बंद था, जिसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि टिन शेड में लगी प्लास्टिक और फाइबर सामग्री ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। आग की लपटें और धुआं दूर से दिखाई देने लगा था, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, वरना आग आसपास के हिस्सों तक भी पहुंच सकती थी। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के सही कारणों की जांच जारी है।
कोर्ट बंद होने से टला बड़ा नुकसान
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह घटना कोर्ट के कामकाज के दौरान होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। शनिवार होने और कोर्ट परिसर में भीड़ कम होने की वजह से स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं हुई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के हिस्सों की भी जांच करवाई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






