नोएडा में महिलाओं पर कैंची से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, घरेलू विवाद से था परेशान, गिरफ्तारी के बाद भी नहीं आए परिजन
- Shiv Kumar
- 23 May, 2026
नोएडा में राह चलती महिलाओं पर कैंची से हमला करने वाले स्कूटी सवार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 22 मई को दो महिलाओं पर कमर के नीचे कैंची से हमला किया था और मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पीड़ित युवती की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान अंकित वर्मा के रूप में हुई है, जो खोड़ा क्षेत्र में रहता है और सेक्टर-62 स्थित एक कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करता है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कैंची और स्कूटी भी बरामद की है। आरोपी को सेक्टर-55/56 के पास से गिरफ्तार किया गया।
गुस्से में किया हमला, महिलाओं को नहीं जानता था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह किसी बात को लेकर काफी गुस्से में था, जिसके चलते उसने राह चलती महिलाओं पर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी न तो पीड़ित महिलाओं को जानता था और न ही महिलाएं उसे पहचानती थीं। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है, जिसकी वजह से आरोपी मानसिक तनाव में बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अंकित की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। घरेलू विवाद के कारण वह परेशान चल रहा था। घटना की सूचना आरोपी के परिवार को भी दी गई, लेकिन परिवार का कोई सदस्य थाने नहीं पहुंचा।
पहले भी ऐसी घटना की जांच में जुटी पुलिस
एडीसीपी Manisha Singh ने बताया कि आरोपी सुनसान इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाता था। वह पिछले करीब पांच साल से खोड़ा कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। फिलहाल आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






