ग्रेटर नोएडा में किन्नर का शव मिलने से सनसनी, शरीर और सिर पर मिले चोट के निशान, लोगों ने जताई हत्या की आशंका
- Shiv Kumar
- 25 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित तुगलपुर गांव में रविवार देर शाम एक किन्नर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी (40) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस के मुताबिक चांदनी का शव तुगलपुर गांव में सलीम नामक व्यक्ति के मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मिला। कमरे के अंदर शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। शुरुआती जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
कमरे से जुटाए गए अहम साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने कमरे और आसपास के इलाके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के वक्त कमरे में कौन मौजूद था और वारदात किस परिस्थिति में हुई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा मृतक की कॉल डिटेल भी जांच के दायरे में है।
पुरानी रंजिश और संपर्कों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि चांदनी की किसी से पुरानी रंजिश या विवाद तो नहीं था। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। नॉलेज पार्क थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






