ग्रेटर नोएडा में झोपड़ी में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, दमकल की कई गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
- Shiv Kumar
- 25 May, 2026
ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक झोपड़ी में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना खेरली नहर के पास की बताई जा रही है। आग लगते ही झोपड़ी से उठती ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गैस सिलेंडर से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि झोपड़ी में रखे गैस सिलेंडर से आग भड़की हो सकती है। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान आसपास के इलाके को एहतियातन खाली कराया गया।
जांच में जुटे अधिकारी
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि झोपड़ी में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह साफ हो सकेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






