नोएडा में 45 डिग्री पहुंचा पारा, 28 को बारिश के साथ आंधी के आसार, गर्मी से मिल सकती है राहत

top-news
नोएडा में नौतपा के बीच तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 28 और 29 मई को बारिश और आंधी की संभावना जताई है। तेज गर्मी से बचाने के लिए शहर में पेड़ों को ग्रीन शीट से ढका गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

नोएडा: नौतपा के बीच नोएडा में भीषण गर्मी का दौर जारी है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रह सकता है। तेज धूप और लू के चलते दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी। मौसम विभाग के अनुसार शाम के समय धूल भरी आंधी चल सकती है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को घरों में रहने की सलाह दी जा रही है। खासकर दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। मौसम विभाग ने हीट वेव को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। शहर में गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।


28 और 29 मई को बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 28 और 29 मई को नोएडा और आसपास के इलाकों में मौसम करवट ले सकता है। इन दिनों गरज-चमक के साथ बारिश होने और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि बारिश के बाद तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके चलते अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिलेगा। इसी कारण 30 मई से 2 जून तक हल्की बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है। हालांकि फिलहाल मौसम विभाग की ओर से कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।


गर्मी से बचाने के लिए पेड़ों को ग्रीन शीट से ढका गया

भीषण गर्मी और तेज धूप से पेड़ों को बचाने के लिए नोएडा में कई स्थानों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। महामाया फ्लाईओवर और सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल के पास सड़क किनारे लगे पेड़ों को ग्रीन शीट से ढक दिया गया है, ताकि तेज गर्मी का असर कम हो सके। इसके अलावा शहर में कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की ओर से राहगीरों के लिए पानी और छबील की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और धूप में निकलने से बचें। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के चलते शरीर में पानी की कमी और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए सावधानी बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *