नोएडा में सिटी बसों का किराया होगा 10 से 30 रुपए, 10 डबल डेकर समेत चलेंगी 100 ई-बसें, सड़कों से हटेंगे ई-रिक्शा
- Shiv Kumar
- 27 May, 2026
नोएडा में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर बनाने के लिए जून से ई-बस सेवा शुरू होने जा रही है। पहले चरण में 100 ई-बसें सड़कों पर उतारी जाएंगी। इनमें 10 डबल डेकर बसें भी शामिल होंगी। जून के पहले सप्ताह से ट्रायल शुरू होगा, जबकि 15 जून तक ज्यादातर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इन बसों का संचालन उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम करेगा। बसें एमपी-1, एमपी-2, एमपी-3, जोनल रोड नंबर-6 और एक्सप्रेसवे रूट पर चलेंगी। अधिकारियों के मुताबिक जिन रूटों पर सिटी बसें चलेंगी, वहां से ई-रिक्शा हटाए जाएंगे ताकि ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर हो सके।
दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट तक मिलेगी सुविधा
ई-बसों का रूट दिल्ली, गाजियाबाद और जेवर एयरपोर्ट तक तय किया गया है। न्यूनतम किराया 10 रुपए और अधिकतम 30 रुपए रखा जाएगा। यात्री मोबाइल ऐप और मैन्युअल दोनों तरीकों से टिकट ले सकेंगे। मासिक पास को लेकर अभी चर्चा जारी है। बसें हर 15 मिनट में उपलब्ध होंगी। करीब 2 लाख यात्रियों को इस सेवा का लाभ मिलने का अनुमान है। 100 बसों के अलावा 5 बसें स्टैंडबाय में रखी जाएंगी। डबल डेकर बसें बॉटेनिकल गार्डन से परी चौक तक चलेंगी, जबकि बाकी बसें अलग-अलग रूटों पर संचालित होंगी।
सेक्टर-90 में बनेगा आधुनिक बस डिपो
सेक्टर-90 में आधुनिक बस डिपो बनाया जाएगा, जहां ई-चार्जिंग स्टेशन, सर्विस स्टेशन और ड्राइवर-कंडक्टर वर्कशॉप जैसी सुविधाएं होंगी। यहां 20 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे, जहां एक साथ 50 बसें चार्ज हो सकेंगी। इसके अलावा बॉटेनिकल गार्डन और मोरना डिपो में भी चार्जिंग प्वाइंट तैयार किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में बस संचालन के लिए करीब 300 कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इनमें ड्राइवर और कंडक्टर शामिल होंगे। अगले दो दिनों में एमओयू प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






