ग्रेटर नोएडा में ईद-उल-अजहा से पहले कड़ी सुरक्षा, पुलिस का फ्लैग मार्च, संदिग्धों पर रहेगी नजर

top-news
ग्रेटर नोएडा में ईद-उल-अज़हा से पहले पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और फुट पेट्रोलिंग कर लोगों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।

ग्रेटर नोएडा में ईद-उल-अज़हा से पहले पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च और फुट पेट्रोलिंग की जा रही है।


डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने एडीसीपी संतोष कुमार और एसीपी अरविंद कुमार के साथ भारी पुलिस बल के साथ कई थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और क्षेत्रवासियों से बातचीत कर त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। साथ ही लोगों को सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने की सलाह दी गई। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने को कहा है।


संदिग्ध वाहनों की होगी सघन जांच

डीसीपी ने सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए हैं। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नियम तोड़ने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश भी दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान जिले में लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो और लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *