नोएडा के भंगेल एलिवेटेड रोड पर लगेंगे नॉइज बैरियर, 18.81 करोड़ रुपए होंगे खर्च, 50 डेसिबल तक आवाज होगी कम
- Shiv Kumar
- 29 May, 2026
नोएडा अथॉरिटी ने भंगेल एलिवेटेड रोड पर बढ़ते ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अगाहपुर से एनएसईजेड सेक्टर-82 तक बने करीब 4.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड पर अब नॉइज बैरियर लगाए जाएंगे। इसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर एक जून को खोले जाएंगे और उसके बाद दो से तीन दिन में कंपनी का चयन कर लिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि काम शुरू होने के बाद करीब दो महीने में पूरी परियोजना पूरी कर ली जाएगी। इस परियोजना पर लगभग 18.81 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। एलिवेटेड रोड अगाहपुर, सेक्टर-40, 48, 49, 107, बरौला और भंगेल गांव की आबादी के बीच से गुजरता है। लगातार बढ़ते ट्रैफिक और वाहनों के शोर से आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। इसी को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने साउंड बैरियर लगाने का फैसला लिया है।
6 फीट ऊंचे लगाए जाएंगे साउंड बैरियर
नोएडा प्राधिकरण के जीएम AK Arora ने बताया कि एलिवेटेड रोड के दोनों ओर करीब 6 फीट ऊंचे साउंड बैरियर लगाए जाएंगे। इनके निर्माण के लिए इंडियन रोड कांग्रेस यानी IRC के मानकों का पालन किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक एजेंसी का चयन होने के बाद तेजी से काम शुरू कराया जाएगा। नॉइज बैरियर का मुख्य उद्देश्य सड़क से निकलने वाली तेज आवाज को आसपास की रिहायशी कॉलोनियों और स्कूलों तक पहुंचने से रोकना है। हालांकि यह आवाज को पूरी तरह खत्म नहीं करेंगे, लेकिन उसकी तीव्रता को काफी कम कर देंगे। बताया गया है कि यह बैरियर करीब 50 डेसिबल तक ध्वनि कम करने की क्षमता रखते हैं।
इन सेक्टरों के लोगों को मिलेगी राहत
एलिवेटेड रोड के आसपास रहने वाले लोगों को लंबे समय से ध्वनि प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। खासकर सेक्टर-42, 47, 48, 49, 107 और 110 के निवासी ट्रैफिक के लगातार शोर से परेशान थे। नॉइज बैरियर लगने के बाद इन इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों के अनुसार सामान्य वातावरण में 0 से 25 डेसिबल तक की आवाज को शांत माना जाता है, जबकि 80 डेसिबल से ज्यादा आवाज इंसान की सेहत पर असर डाल सकती है। लगातार अधिक शोर सुनने से तनाव, बेचैनी और सुनने की क्षमता पर भी असर पड़ सकता है। प्राधिकरण ने एलिवेटेड रोड पर लूप निर्माण के लिए भी अलग से टेंडर जारी किया है। इससे आने वाले समय में ट्रैफिक व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






