यमुना एक्सप्रेसवे पर दौड़ती जगुआर बनी आग का गोला, गुरुग्राम से मथुरा जा रहे थे लोग, बाल-बाल बचे

top-news
यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा के पास एक जैगवार कार में अचानक भीषण आग लग गई। मथुरा जा रहे गुरुग्राम के चार लोग समय रहते बाहर निकल गए। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लग्जरी कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक लग्जरी जैगवार कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गई। घटना ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट से करीब 5 से 6 किलोमीटर आगे ईकोटेक-1 थाना क्षेत्र में हुई। कार में गुरुग्राम के चार लोग सवार थे, जो मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे थे। गनीमत रही कि सभी यात्रियों ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


कार के अगले हिस्से से निकला धुआं, तुरंत रोकी गाड़ी

जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे जैगवार कार यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा की ओर जा रही थी। जीरो पॉइंट से आगे बढ़ते ही कार के अगले हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए कार सवारों ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलने लगी। एक्सप्रेसवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालक भी रुककर घटना को देखने लगे, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में हलचल का माहौल बन गया।


दमकल ने पाया आग पर काबू, कारणों की जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही ईकोटेक-1 थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक लग्जरी कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर आग जैसी घटनाओं से निपटने के लिए तत्काल संसाधनों की उपलब्धता और मजबूत व्यवस्था की जरूरत है। फिलहाल पुलिस ने घटना का विवरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *