नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आज से दौड़ेंगी 30 इलेक्ट्रिक सिटी बसें, सीएम योगी करेंगे वर्चुअल शुभारंभ
- Shiv Kumar
- 12 Jun, 2026
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के लोगों को शुक्रवार से आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की नई सुविधा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअल माध्यम के जरिए इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में आयोजित कार्यक्रमों से 30 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। नई बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
तीन स्थानों पर होंगे उद्घाटन कार्यक्रम
नोएडा में उद्घाटन समारोह शिल्प हाट में आयोजित किया जाएगा, जहां सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में आयोजित कार्यक्रम में विधायक तेजपाल नागर शामिल होंगे। यमुना सिटी के सेक्टर-28 स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में होने वाले कार्यक्रम में विधायक धीरेन्द्र सिंह मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल माध्यम से सभी कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे और बसों को रवाना करेंगे। सेवा शुरू होने से पहले गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के विभिन्न मार्गों पर बसों का ट्रायल रन भी किया गया। अधिकारियों के मुताबिक ट्रायल सफल रहा और सभी रूटों पर संचालन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
20 से 50 रुपये तक होगा किराया
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) के अनुसार यात्रियों के लिए किराया तीन श्रेणियों में निर्धारित किया गया है। दूरी के आधार पर 20 रुपये, 30 रुपये और 50 रुपये का किराया लिया जाएगा। ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रिक बसें चार प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी, जबकि यमुना सिटी में नौ रूटों पर सेवा शुरू की जाएगी। बसों का संचालन यूपीएसआरटीसी द्वारा किया जाएगा, जबकि संचालन से जुड़े व्यय अंतर का वहन संबंधित प्राधिकरण करेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए सभी बसों में एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं, जिन पर रूट और गंतव्य की जानकारी दिखाई जाएगी।
एयरपोर्ट शुरू होने के बाद बढ़ेगा बेड़ा
अधिकारियों का कहना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं शुरू होने के बाद इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाकर 110 तक की जाएगी। इसके लिए ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में नए चार्जिंग स्टेशन भी विकसित किए जा रहे हैं। इससे भविष्य में बस सेवा का विस्तार और संचालन दोनों अधिक सुचारु हो सकेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






