17 जून से नोएडा एयरपोर्ट से शुरू हो सकती है पहली कार्गो उड़ान, दिल्ली एयरपोर्ट का कम होगा लोड

top-news
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 17 जून को पहली घरेलू कार्गो उड़ान शुरू होने की संभावना है। एयरपोर्ट पर विकसित आधुनिक कार्गो हब से माल परिवहन को नई गति मिलेगी और दिल्ली एयरपोर्ट पर बढ़ते कार्गो दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब यात्री उड़ानों के साथ कार्गो संचालन के लिए भी तैयार हो रहा है। एयरपोर्ट से 17 जून को पहली घरेलू कार्गो उड़ान शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद एक जुलाई से नियमित रूप से कार्गो सेवाओं का विस्तार करने की योजना बनाई गई है। एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित एजेंसियों ने कार्गो संचालन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। माना जा रहा है कि कार्गो सेवाएं शुरू होने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बढ़ते माल परिवहन के दबाव को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। नोएडा एयरपोर्ट को देश के प्रमुख लॉजिस्टिक्स और कार्गो हब के रूप में विकसित करने की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


पहले चरण में 30 एकड़ में विकसित हुआ कार्गो हब

एयर इंडिया सेट्स की ओर से एयरपोर्ट परिसर में पहले चरण में करीब 30 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक कार्गो हब विकसित किया गया है। वर्तमान में इसकी सालाना क्षमता 2.5 लाख मैट्रिक टन रखी गई है। अधिकारियों के अनुसार भविष्य में इसे और विस्तार देते हुए क्षमता को कई गुना तक बढ़ाया जाएगा। कार्गो टर्मिनल, वेयरहाउस, ट्रकिंग नेटवर्क और डिजिटल कार्गो प्रबंधन प्रणाली को एकीकृत प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है, जिससे माल की आवाजाही तेज और सुगम हो सके। इससे निर्यातकों, आयातकों और उद्योगों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।


आईजीआई एयरपोर्ट का कम होगा कार्गो भार

दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वर्तमान में देश के सबसे बड़े कार्गो केंद्रों में शामिल है। वहां की क्षमता लगभग 1.3 मिलियन मैट्रिक टन है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकसित होने के बाद बड़ी मात्रा में कार्गो ट्रैफिक यहां स्थानांतरित हो सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले वर्षों में नोएडा एयरपोर्ट की कार्गो क्षमता को बढ़ाकर 2.5 मिलियन मैट्रिक टन तक पहुंचाने की योजना है। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, एनसीआर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा और माल परिवहन की लागत व समय दोनों में कमी आएगी।


15 जून से यात्री उड़ानें, 17 जून से कार्गो सेवा की तैयारी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से व्यावसायिक उड़ानों की शुरुआत प्रस्तावित है। सबसे पहले इंडिगो अपनी सेवाएं शुरू करेगी, जबकि 16 जून से अकासा एयर भी संचालन शुरू करने की तैयारी में है। इसी क्रम में 17 जून को पहली घरेलू कार्गो उड़ान शुरू किए जाने की संभावना है। कार्गो संचालन के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन ने एफकॉम होल्डिंग्स लिमिटेड के साथ समझौता किया है। यह कंपनी कई अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक मालवाहक सेवाएं संचालित करती है। अधिकारियों का मानना है कि कार्गो और यात्री दोनों सेवाएं शुरू होने के बाद नोएडा एयरपोर्ट उत्तर भारत के प्रमुख एविएशन हब के रूप में तेजी से उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *