नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 19 जून को PM विकसित भारत रोजगार योजना का बड़ा कार्यक्रम, पीएम मोदी वर्चुअल रूप से करेंगे लॉन्च, लाखों युवाओं को मिलेगा फायदा

top-news
19 जून को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पीएम विकसित भारत रोजगार योजना के तहत बड़ा आयोजन होगा। पीएम मोदी वर्चुअल रूप से जुड़कर लाभार्थियों को सहायता राशि देंगे। योजना से लाखों रोजगार सृजन, कंपनियों की भागीदारी और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 19 जून को ‘PM विकसित भारत रोजगार योजना’ के तहत बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को रोजगार सृजन और आर्थिक विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। देशभर में 200 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे सहायता राशि ट्रांसफर करेंगे। इस योजना का मुख्य उद्देश्य रोजगार को बढ़ावा देना, सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्किल्ड लेबर को मजबूत बनाना है।


नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बड़े स्तर पर तैयारी पूरी
नोएडा सेक्टर-62 और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के ऑडिटोरियम में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। केंद्र सरकार ने इस योजना के लिए करीब 1 लाख करोड़ रुपये का बजट तय किया है और देशभर में साढ़े 3 करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना में नोएडा और ग्रेटर नोएडा को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में शामिल किया गया है, जहां बड़ी संख्या में कंपनियां और कर्मचारी जुड़े हुए हैं।


कंपनियों की भागीदारी और रोजगार का बढ़ता दायरा
आंकड़ों के अनुसार नोएडा में करीब 6500 कंपनियों में से 5785 कंपनियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। अब तक यहां 1 लाख 37 हजार से अधिक रोजगार सृजित किए जा चुके हैं। वहीं नोएडा में करीब साढ़े 4 लाख रिटेनिंग कर्मचारी हैं, जिन्हें इस योजना का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। ग्रेटर नोएडा में लगभग 4500 कंपनियों में से 3400 कंपनियों ने पंजीकरण कराया है और यहां 56 हजार से अधिक नए रोजगार सृजित हुए हैं। यह आंकड़े क्षेत्र की औद्योगिक मजबूती को दर्शाते हैं।


रोजगार लक्ष्य और सेक्टर आधारित फायदा
योजना के तहत मैन्युफैक्चरिंग और नॉन-मैन्युफैक्चरिंग दोनों सेक्टरों को फायदा दिया जा रहा है। मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को 4 साल तक और नॉन-मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को 2 साल तक प्रोत्साहन का लाभ मिलेगा। अधिकारियों के अनुसार, नोएडा ने इस योजना में करीब 80 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। अनुमान है कि आने वाले 2 सालों में नोएडा में करीब 5 लाख नए रोजगार सृजित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *