'सांप-सीढ़ी' के जरिए साइबर ठगी से बचने का संदेश, गौतमबुद्धनगर पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
- Shiv Kumar
- 26 Jun, 2026
ऑनलाइन निवेश के नाम पर बढ़ रही साइबर ठगी को रोकने और लोगों को जागरूक करने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नई पहल शुरू की है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट पुलिस ने एक जन-जागरूकता वीडियो जारी किया है, जिसमें "सांप-सीढ़ी" के खेल के जरिए निवेश से जुड़ी सावधानियों को आसान और रोचक तरीके से समझाया गया है। वीडियो में बताया गया है कि जैसे खेल में एक गलत चाल खिलाड़ी को ऊंचाई से नीचे पहुंचा देती है, उसी तरह बिना जांच-पड़ताल के अधिक मुनाफे के लालच में किया गया निवेश लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी विश्वसनीयता की पूरी जांच अवश्य करें और लालच में आकर जल्दबाजी में कोई फैसला न लें।
फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के जरिए बिछाया जा रहा जाल
गौतमबुद्धनगर पुलिस के अनुसार वर्तमान समय में साइबर अपराधी सोशल मीडिया, फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म, टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लोगों को कम समय में कई गुना मुनाफा देने का झांसा दे रहे हैं। शुरुआत में छोटे-छोटे लाभ दिखाकर लोगों का भरोसा जीता जाता है और फिर बड़ी रकम निवेश कराने के बाद आरोपी संपर्क खत्म कर पूरी धनराशि हड़प लेते हैं। पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की सलाह पर निवेश न करें। केवल अधिकृत और विश्वसनीय वित्तीय संस्थानों से जुड़े प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। साथ ही ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें और किसी भी अनजान स्क्रीन शेयरिंग ऐप को डाउनलोड करने से बचें।
पुलिस ने शुरू किए नए जागरूकता प्लेटफॉर्म
पुलिस ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन निवेश के नाम पर साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए। समय पर शिकायत करने से ठगी गई धनराशि को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ जाती है। साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम और यूट्यूब चैनलों की भी शुरुआत की है। इन माध्यमों पर साइबर अपराध के नए तरीकों, बचाव के उपायों और डिजिटल सुरक्षा से जुड़ी जानकारी नियमित रूप से साझा की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा परिचितों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सचेत करें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






