Breaking News

नोएडा में डॉक्टर से बड़ी ठगी, प्लॉट का झांसा देकर 22 लाख रुपये हड़पे, तीन प्रॉपर्टी डीलरों पर केस

top-news
नोएडा के दनकौर क्षेत्र में महिला डॉक्टर से 22 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। प्लॉट दिलाने के नाम पर तीन प्रॉपर्टी डीलरों पर केस दर्ज किया गया है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दनकौर क्षेत्र में एक महिला डॉक्टर से आवासीय प्लॉट दिलाने के नाम पर 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने तीन प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला 2012 से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें लंबे समय तक पीड़िता को रजिस्ट्री के नाम पर गुमराह किया गया।


प्लॉट का झांसा देकर पैसे लिए

सेक्टर-33 नोएडा निवासी डॉक्टर रवनीत गुलशन ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2012 में उनकी मुलाकात दनकौर क्षेत्र के मूंजखेड़ा गांव निवासी दिनेश और संजय तथा बल्लूखेड़ा निवासी ओमदत्त से हुई थी। आरोपियों ने दावा किया कि उनकी जमीन का अधिग्रहण हो चुका है और उन्हें प्राधिकरण से 220 वर्गमीटर का आवासीय प्लॉट मिलेगा। इसी झांसे में आकर डॉक्टर ने उन्हें 22 लाख रुपये दे दिए। इस दौरान एग्रीमेंट और वसीयत भी तैयार कराई गई थी।


रजिस्ट्री के नाम पर टालमटोल

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2019 में जब उन्होंने प्लॉट की रजिस्ट्री की मांग की तो आरोपियों ने कोविड का बहाना बनाकर प्रक्रिया टाल दी। इसके बाद 2024 से लगातार वह या तो रजिस्ट्री कराने या पैसे वापस करने की मांग करती रहीं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इस दौरान आरोपियों पर धमकाने के भी आरोप लगाए गए हैं।


कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

पीड़िता ने अप्रैल 2026 में पुलिस आयुक्त से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने अदालत का रुख किया। कोर्ट के आदेश के बाद दनकौर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *