Breaking News

उत्तर प्रदेश को मिली बड़ी औद्योगिक सौगात, CM योगी ने अंबर-ऐसेंट के हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का किया शुभारंभ

top-news
यमुना सिटी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 6,785 करोड़ रुपये की लागत वाली अंबर-ऐसेंट इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग परियोजना का शिलान्यास किया। परियोजना से हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे और उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स व सेमीकंडक्टर निर्माण का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में नई गति मिलेगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर-10 में अंबर और ऐसेंट के अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास और भूमि पूजन किया। करीब 6,785 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली इस परियोजना को प्रदेश के इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है। इस निवेश से हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण का प्रमुख केंद्र बन रहा है और सरकार उद्योगों को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई मजबूती देने के साथ प्रदेश के औद्योगिक विकास को भी नई रफ्तार देगी।


इलेक्ट्रॉनिक्स हब बनने की तैयारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि अंबर ग्रुप और कोरिया सर्किट के संयुक्त उपक्रम के माध्यम से होने वाला यह निवेश प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण को नई ऊंचाई देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट के बाद यह परियोजना एक और बड़ी उपलब्धि है। इससे इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण नीति, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण नीति और सेमीकंडक्टर नीति को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, सिंगल विंडो सिस्टम, सेक्टोरल पॉलिसियों और निवेश अनुकूल माहौल की वजह से देश-विदेश की कंपनियां उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही हैं।


जेवर बना निवेश का केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी पिछड़ेपन के लिए पहचाना जाने वाला जेवर आज निवेश और विकास का नया केंद्र बन चुका है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और लगातार आ रहे बड़े औद्योगिक निवेशों ने पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश आज देश के कुल मोबाइल उत्पादन का लगभग 55 प्रतिशत हिस्सा तैयार कर रहा है और नोएडा-ग्रेटर नोएडा इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। मुख्यमंत्री ने भारत और दक्षिण कोरिया के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ता औद्योगिक सहयोग प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं युवाओं को रोजगार, तकनीकी प्रशिक्षण और नए स्टार्टअप के अवसर उपलब्ध कराएंगी।


केंद्रीय मंत्रियों ने सराहा निवेश

कार्यक्रम में केंद्रीय रेल, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जेवर में स्थापित होने वाली पीसीबी निर्माण इकाई से देश की आयात पर निर्भरता कम होगी और भारत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण में आत्मनिर्भर बनेगा। वहीं केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर आएगी। कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद डॉ. महेश शर्मा, सांसद सुरेंद्र नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, विधायक तेजपाल नागर, यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम सहित उद्योग और प्रशासन से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *