नोएडा को मिलेगी बड़ी ट्रैफिक राहत, भंगेल एलिवेटेड से जुड़ेंगे 20 सेक्टर, बनेगी क्लोवर लीफ इंटरचेंज
- Shiv Kumar
- 29 Jun, 2026
नोएडा में भंगेल एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल अब स्थानीय लोगों के लिए भी पहले से ज्यादा सुविधाजनक होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बरौला टी-प्वाइंट (पिलर नंबर-59) पर 67.81 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले क्लोवर लीफ (डायमंड इंटरचेंज) का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद वाहन चालकों को एलिवेटेड रोड पर बीच से ही चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही पूरे 4.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड के दोनों ओर नॉइज बैरियर भी लगाए जाएंगे, जिस पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे आसपास रहने वाले लोगों को ट्रैफिक के शोर से राहत मिलेगी और सफर पहले से अधिक सुगम बनेगा।
लाखों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक क्लोवर लीफ इंटरचेंज का निर्माण दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बनने से सेक्टर-74 से 79 तक के सेवन-एक्स सेक्टरों की 49 सोसायटियों में रहने वाले करीब तीन लाख लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। वहीं सेक्टर-101, 104, 107, 119, 120 और 121 की 29 सोसायटियों में रहने वाले करीब एक लाख लोगों का आवागमन भी आसान हो जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-42, 47, 48 और 49 के साथ हाजीपुर, बरौला तथा सलारपुर गांव भी एलिवेटेड रोड से बेहतर तरीके से जुड़ जाएंगे। स्थानीय लोग लंबे समय से इस इंटरचेंज की मांग कर रहे थे, क्योंकि बीच में प्रवेश और निकास की सुविधा नहीं होने से उन्हें लंबा चक्कर लगाना पड़ता था।
दादरी और विश्वकर्मा रोड पर कम होगा ट्रैफिक का दबाव
सेक्टर-40 आगाहपुर से सेक्टर-82 एनएसईजेड तक 608 करोड़ रुपये की लागत से बने 4.5 किलोमीटर लंबे छह लेन एलिवेटेड रोड का निर्माण जून 2020 में शुरू हुआ था और इसे पिछले वर्ष नवंबर में यातायात के लिए खोल दिया गया था। हालांकि बरौला टी-प्वाइंट पर लूप न होने के कारण स्थानीय लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था। अब क्लोवर लीफ बनने के बाद वाहन चालक सीधे एलिवेटेड रोड पर चढ़ और उतर सकेंगे। इससे दादरी रोड और विश्वकर्मा रोड पर लगने वाले जाम में भी काफी कमी आने की उम्मीद है। प्राधिकरण का मानना है कि नई व्यवस्था से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु होगी और हजारों वाहन चालकों का समय भी बचेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






