Breaking News

जिम्स कर्मचारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ भाकियू का प्रदर्शन, जिलाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन

top-news
जीआईएमएस अस्पताल में कर्मचारियों पर कथित लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने सूरजपुर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन ने डीएम के नाम ज्ञापन देकर कर्मचारियों की रिहाई, मुकदमे वापस लेने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

जीआईएमएस अस्पताल में प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने जिला मुख्यालय सूरजपुर पर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने रॉबिन नागर के नेतृत्व में जिलाधिकारी के नाम एडीएम मंगलेश दुबे को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।


पुलिस कार्रवाई को बताया लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन

भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजीव मलिक ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर में पिछले कुछ वर्षों से पुलिस प्रशासन का रवैया लगातार सख्त और निरंकुश होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों और मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले लोगों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इस पर बल प्रयोग उचित नहीं है। राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रवक्ता पवन खटाना ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले जीआईएमएस अस्पताल में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों, जिनमें महिला कर्मचारी भी शामिल थीं, को देर रात पुलिस ने लाठीचार्ज कर धरनास्थल से हटाया और गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को कहां ले जाया गया, इसकी जानकारी भी तत्काल परिजनों और साथियों को नहीं दी गई, जो गंभीर चिंता का विषय है।


चार प्रमुख मांगों के साथ सौंपा गया ज्ञापन

भारतीय किसान यूनियन ने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में गिरफ्तार सभी कर्मचारियों की बिना शर्त रिहाई, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने, कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने और जीआईएमएस अस्पताल के निदेशक ब्रिगेडियर राकेश गुप्ता पर लगे आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। संगठन ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली के कारण ही विवाद की स्थिति बनी और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। भाकियू ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों को न्याय नहीं मिला और उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *