नोएडा में सपा कार्यकर्ताओं ने बच्चों के साथ मनाया अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन, बांटी शिक्षण सामग्री
- Shiv Kumar
- 01 Jul, 2026
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर नोएडा विधानसभा इकाई की ओर से सेक्टर-9 स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान के नेतृत्व में हुआ, जबकि इसकी अध्यक्षता पार्टी के पूर्व महासचिव एवं प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने की। इस दौरान सपा नेताओं ने केक काटकर एक-दूसरे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और वहां मौजूद बच्चों के साथ भी खुशियां साझा कीं। बच्चों को केक खिलाने के साथ-साथ कॉपी, पेंसिल और रबर जैसी शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय बच्चे और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बबलू चौहान बोले- युवाओं और हर वर्ग की पसंद हैं अखिलेश यादव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान ने कहा कि अखिलेश यादव ऐसे नेता हैं जिन्हें प्रदेश का हर वर्ग और विशेष रूप से युवा पसंद करता है। उन्होंने कहा कि जनता चाहती है कि वर्ष 2027 में एक बार फिर प्रदेश की बागडोर अखिलेश यादव के हाथों में आए, ताकि विकास कार्यों को नई गति मिल सके। उन्होंने अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी जनहित के मुद्दों पर लगातार जनता के बीच काम कर रही है और भविष्य में भी इसी तरह लोगों की सेवा करती रहेगी।
सपा नेताओं ने गिनाए विकास कार्य, जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं
पूर्व महासचिव एवं प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने नोएडा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए। उन्होंने नोएडा मेट्रो, सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट, सेक्टर-34 में नारी निकेतन, सेक्टर-18 से मामूरा तक एलिवेटेड रोड, मल्टीलेवल पार्किंग, होशियारपुर में बालिका इंटर कॉलेज, सरफाबाद में मिनी स्टेडियम, सेक्टर-21ए में क्रिकेट स्टेडियम और विभिन्न अंडरपास जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को उनसे भविष्य में भी विकास की उम्मीद है। कार्यक्रम में तनवीर अहमद, मोहम्मद तस्लीम, सुल्तान अंसारी, शालिनी खारी, नेहा पाण्डेय, हरपाल सिंह, गुड्डू चौधरी, विमला देवी, महेश, मोहित गौतम, सुमित, आमिर, अनीस, मनोज गौतम, अमन, साहिल चौधरी, देवेंद्र खारी, दीपक देशवाल, नीर अवाना, नदीम सहित अनेक कार्यकर्ता और बच्चे उपस्थित रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






