नोएडा में खुलेआम शराब पीने वालों पर पुलिस का एक्शन, 274 लोगों पर कार्रवाई, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर चला चेकिंग अभियान
- Shiv Kumar
- 02 Jul, 2026
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बुधवार रात सेंट्रल नोएडा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान खुले स्थानों पर शराब का सेवन करते मिले 274 लोगों को पुलिस ने पकड़कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान का नेतृत्व सेंट्रल नोएडा पुलिस ने किया। एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में देर रात तक गश्त कर पार्कों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की जांच की। इस दौरान खुले में शराब पीते मिले लोगों को मौके से हिरासत में लेकर संबंधित थानों में पहुंचाया गया।
बीएनएस की धारा 292 के तहत दर्ज हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी 274 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के तहत कार्रवाई की गई। इसके साथ ही सभी को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई। अभियान के दौरान कई स्थानों पर पुलिस को देखकर खुले में शराब पी रहे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला। कुछ लोग मौके से भागने की कोशिश करते नजर आए, हालांकि पुलिस टीमों ने कार्रवाई जारी रखी।
कई थाना क्षेत्रों में चला विशेष अभियान
यह विशेष अभियान सेंट्रल नोएडा के बिसरख, सूरजपुर, ईकोटेक-3, फेज-2, सेक्टर-63 समेत सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्ती जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






