नोएडा एयरपोर्ट से हवाई सफर को मिली रफ्तार, 13 शहरों के लिए 34 उड़ानों का संचालन, 9 नए शहरों को मिली सीधी कनेक्टिविटी
- Shiv Kumar
- 02 Jul, 2026
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को एयरपोर्ट से 13 शहरों के लिए कुल 34 उड़ानों का सफल संचालन किया गया, जिससे यात्रियों को पहले से अधिक विकल्प मिलने लगे हैं। इसी के साथ नौ नए शहर पहली बार इस एयरपोर्ट के नेटवर्क से जुड़े हैं। वहीं गुरुवार से राजस्थान के किशनगढ़ के लिए भी नियमित उड़ान सेवा शुरू हो गई है। उड़ानों की संख्या बढ़ने के साथ यात्रियों की आवाजाही में भी लगातार इजाफा देखा जा रहा है। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि आने वाले दिनों में और नए शहरों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
नए शहर जुड़ने से यात्रियों को मिली बड़ी राहत
बुधवार सुबह 6:25 बजे लखनऊ के लिए पहली उड़ान ने उड़ान भरी, जबकि सुबह 8:25 बजे जयपुर से आने वाली पहली उड़ान एयरपोर्ट पर उतरी। दिनभर में कुल 17 टेकऑफ और 17 लैंडिंग सफलतापूर्वक हुईं। केवल एक उड़ान को छोड़कर बाकी सभी निर्धारित समय पर संचालित की गईं। अब चंडीगढ़, धर्मशाला, पंतनगर, बरेली, जोधपुर, जयपुर, भोपाल और देहरादून जैसे शहर भी सीधे नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ चुके हैं। इससे पहले हैदराबाद, मुंबई, बेंगलुरु, जम्मू और अमृतसर के लिए सेवाएं पहले से संचालित हो रही थीं। पंतनगर से आने वाली 78 सीटों वाली उड़ान में 49 यात्रियों ने सफर किया, जो इस रूट की अच्छी शुरुआत मानी जा रही है।
यात्रियों की सुविधा बढ़ाने पर विशेष जोर
एयरपोर्ट पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ा दी है ताकि यात्रियों को टर्मिनल तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो। मुख्य बस स्टॉप से टर्मिनल तक हर 15 मिनट पर शटल बस सेवा संचालित की जा रही है। इसके अलावा यात्रियों के लिए आवागमन को अधिक आसान और व्यवस्थित बनाने पर भी लगातार काम किया जा रहा है। एयरलाइंस ने भी कम किराए वाले नए विकल्प उपलब्ध कराने शुरू कर दिए हैं, जिससे अधिक लोग हवाई यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।
दिल्ली की तुलना में आसान सफर बना आकर्षण
बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ सहित आसपास के जिलों से आने वाले यात्रियों ने नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचने को अधिक सुविधाजनक बताया। उनका कहना है कि दिल्ली की तुलना में यहां तक पहुंचने में जाम की समस्या काफी कम है, जिससे समय की बचत होती है। एयरपोर्ट अधिकारियों का मानना है कि उड़ानों का लगातार विस्तार और बेहतर यात्री सुविधाएं भविष्य में इस एयरपोर्ट को उत्तर भारत के प्रमुख हवाई केंद्रों में शामिल कर सकती हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






