Breaking News

नोएडा-एनसीआर में मोबाइल-लैपटॉप चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 7 मोबाइल और 6 लैपटॉप बरामद

top-news
नोएडा सेक्टर-126 थाना पुलिस ने मोबाइल और लैपटॉप चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से सात मोबाइल, छह लैपटॉप, चोरी की बाइक, नकदी और दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

नोएडा-एनसीआर में पीजी, फ्लैट और मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को सेक्टर-126 थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी के सात मोबाइल फोन, छह लैपटॉप, वारदात में इस्तेमाल की गई एक चोरी की बाइक, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और करीब 12 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।


रेकी के बाद करता था वारदात, तमिलनाडु में बेचता था चोरी का सामान

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है। वह पहले नोएडा और एनसीआर के पीजी, किराये के मकानों और फ्लैटों की रेकी करता था। इसके बाद मौका मिलते ही मोबाइल, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था। पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपी चोरी का सामान तमिलनाडु ले जाकर बेचता था और उससे अवैध कमाई करता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और चोरी का सामान खरीदने वाले लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।


अन्य वारदातों में भी पूछताछ जारी

सेक्टर-126 थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। आशंका है कि वह नोएडा और एनसीआर में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकता है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के साथ-साथ यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसके साथ इस गिरोह में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। बरामद सामान के आधार पर अन्य मामलों के खुलासे की भी उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *