नोएडा में दर्दनाक सड़क हादसा, ऑटो-ट्रक की भिड़ंत में महिला की मौत; पांच लोग गंभीर घायल
- Shiv Kumar
- 03 Jul, 2026
नोएडा के सेक्टर-75 स्थित स्पेक्ट्रम मेट्रो मॉल के पास गुरुवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े पानी की बोतलों से लदे ट्रक से एक ऑटो की तेज टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो में सवार 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि चालक सहित पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सेक्टर-113 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा ऑटो
पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद के कौशांबी से बुलंदशहर के सिकंदराबाद जा रहा पानी की बोतलों से भरा ट्रक सेक्टर-75 स्थित स्पेक्ट्रम मेट्रो मॉल के गेट नंबर-8 के पास सड़क किनारे खड़ा था। बताया गया कि चालक शौच के लिए गया हुआ था। इसी दौरान सेक्टर-62 से सलारपुर की ओर सवारियां लेकर जा रहा ऑटो अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह लोग घायल हो गए।
महिला की मौत, पांच घायलों को दिल्ली रेफर
घटना के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान सलारपुर निवासी याशमीन (45) की मौत हो गई। हादसे में उनकी पुत्री रनावी (23), छह माह का पोता सैयद, पुत्रवधू नफीसा (25), ऑटो चालक मनोज (20) और देवराज दयाल (32) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए सभी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
मृतका के बेटे शहीद ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से पीलीभीत के पूरनपुर का रहने वाला है और वर्तमान में सलारपुर में रह रहा है। वे बुधवार रात बस से पीलीभीत से नोएडा पहुंचे थे और सेक्टर-62 से ऑटो लेकर घर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






