नोएडा में फ्रेंडशिप क्लब की आड़ में लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 युवतियां समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 05 Jul, 2026
नोएडा पुलिस ने ऑनलाइन फर्जी फ्रेंडशिप क्लब के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। सेक्टर-24 थाना पुलिस ने इस मामले में 2 युवकों और 3 युवतियों समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल की गई दो अन्य कारें और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय था और लोगों को दोस्ती के नाम पर बुलाकर उन्हें लूटने का काम करता था।
ऑनलाइन संपर्क कर युवतियों के जरिए फंसाते थे शिकार
पुलिस के अनुसार गिरोह ऑनलाइन फर्जी फ्रेंडशिप क्लब संचालित करता था। गैंग का सदस्य पंकज यादव लोगों से संपर्क कर उन्हें दोस्ती और मुलाकात का झांसा देता था। इसके बाद गिरोह से जुड़ी युवतियां पीड़ितों को मिलने के लिए बुलाती थीं और कार में बैठाकर सुनसान स्थानों पर ले जाती थीं। वहां पहले से मौजूद आरोपी उनके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे। वारदात के दौरान एक वाहन में मुख्य आरोपी रहते थे, जबकि दूसरी कार में बैठे साथी पीछे-पीछे चलते थे ताकि जरूरत पड़ने पर मदद मिल सके।
मोबाइल अनलॉक कर खाते से उड़ाए रुपये, फॉर्च्यूनर भी लूटी
पूछताछ में मुख्य आरोपी ओमवीर यादव ने बताया कि 30 जून की रात सेक्टर-54 क्षेत्र में एक व्यक्ति को कार में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाया गया। वहां उसके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन छीन लिया गया। आरोपियों ने मोबाइल का लॉक खुलवाकर यूपीआई के माध्यम से करीब 18 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद पीड़ित का पर्स और कार की चाबी छीनकर उसकी फॉर्च्यूनर कार भी लूट ली गई। पुलिस ने इसी मामले की जांच के दौरान गिरोह तक पहुंच बनाई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फॉर्च्यूनर समेत तीन वाहन बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई फॉर्च्यूनर के अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट और ऑरा कार भी बरामद की हैं। साथ ही एक अवैध चाकू भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमवीर यादव, मंजेश यादव, निधि यादव, प्रियंका यादव और काजल उर्फ रिया यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पूछताछ के आधार पर गैंग से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






