Breaking News

पुलिस को मिली बड़ी सफलता, घरों में चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, नकदी और बाइक बरामद

top-news
नोएडा सेक्टर-20 पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान, 20,570 रुपये नकद, चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। स्थानीय खुफिया सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को सेक्टर-29 स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट के पास से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने सेक्टर-19, सेक्टर-24 और सेक्टर-39 थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी, चोरी की मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।


चोरी की मोटरसाइकिल, नकदी और औजार बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोज उर्फ बब्लू और आशीष के रूप में हुई है। उनके कब्जे से चोरी की स्टील की टोटियां, प्लास कटर, रिंच, लोहे का कटर, सब्बल, छैनी, 20,570 रुपये नकद, दो अवैध चाकू और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के सीमापुरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। वहीं बरामद नकदी सेक्टर-24 और सेक्टर-39 में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस ने सभी बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


टैक्सी चालक की आड़ में करते थे चोरी, कई मुकदमे पहले से दर्ज

शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी पेशे से टैक्सी चालक हैं। फिरोज उर्फ बब्लू दिल्ली-एनसीआर में ओला-उबर टैक्सी चलाता है, जबकि आशीष नोएडा में टैक्सी चालक के रूप में काम करता है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, अवैध हथियार रखने और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। फिरोज पर गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं, जबकि आशीष के खिलाफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है और संभावित अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *