ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े 25 लाख की लूट, घर में घुसकर महिला को चाकू दिखाया, ज्वेलरी और कैश लेकर फरार
- Shiv Kumar
- 05 Jul, 2026
ग्रेटर नोएडा की पैरामाउंट गोल फॉरेस्ट सोसायटी में एक विला में घुसकर महिला से लूट की वारदात सामने आई है। पीड़िता का आरोप है कि देर रात एक अज्ञात बदमाश चाकू लेकर उनके कमरे में घुस आया और उन्हें तथा उनके बच्चों को धमकाते हुए करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और नगदी लूटकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है।
चाकू दिखाकर बच्चों को भी डराया, गले से चेन और अंगूठियां छीनीं
विला नंबर 126 में रहने वाली अपर्णा राय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति चाकू लेकर उनके कमरे में घुस आया। आरोप है कि बदमाश ने उनके साथ मारपीट की और बच्चों को भी चाकू दिखाकर डराया। इसके बाद उसने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान समेट लिया। पीड़िता के अनुसार बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन और हाथों से अंगूठियां भी छीन लीं। जाते समय उसने धमकी दी कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी तो उसके पास पिस्तौल भी है। पीड़िता के मुताबिक लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के समय विला में अपर्णा राय, उनके दो बच्चे और नीचे के तल पर सास-ससुर मौजूद थे, जबकि उनके पति नितिन राय कार्यालय के काम से बेंगलुरु गए हुए थे। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






