Breaking News

नोएडा में सुरभी इंटरनेशनल कंपनी में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका, दमकल की 8 गाड़ियों ने ढ़ाई घंटे में पाया काबू

top-news
नोएडा के सेक्टर-88 स्थित सुरभी इंटरनेशनल कंपनी में देर रात भीषण आग लग गई। आठ दमकल गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि मशीनें और तैयार माल जलकर राख हो गया।

नोएडा के सेक्टर-88 स्थित सुरभी इंटरनेशनल कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग रात करीब 11:55 बजे लगी और देखते ही देखते पूरे ग्राउंड फ्लोर से पहली व दूसरी मंजिल तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। घटना के समय कंपनी बंद होने के कारण कोई कर्मचारी अंदर मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


आठ दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे ने बताया कि सूचना मिलते ही आठ दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोका और करीब ढाई घंटे बाद पूरी तरह बुझा दिया। आग की लपटें काफी तेज होने के कारण आसपास मौजूद अन्य कंपनियों को भी खतरा था। इसे देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास के औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर पानी का छिड़काव कराया गया, ताकि आग वहां तक न पहुंच सके।


शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जा रही है। आग की चपेट में आने से कंपनी में रखा तैयार माल, मशीनें और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। अधिकारियों के मुताबिक घटना के समय फैक्ट्री बंद थी, इसलिए किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी अब आग से हुए आर्थिक नुकसान का आकलन करने के साथ पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *