नोएडा में प्राधिकरण की बड़ी लापरवाही, सेक्टर-122 में सड़क का गड्ढा बना मुसीबत, दो कारें हादसे का शिकार, लोगों ने की तत्काल मरम्मत की मांग की
- Shiv Kumar
- 08 Jul, 2026
नोएडा के सेक्टर-122 स्थित जूडियो मॉल के पास प्राधिकरण की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे में देर रात दो कारें फंस गईं। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन कारों में बैठे परिवारों को देर रात काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गड्ढा कई दिनों से सड़क पर बना हुआ है, लेकिन अब तक इसे भरने या आसपास सुरक्षा के इंतजाम करने की कोई कोशिश नहीं की गई।
कई दिनों से बना है गहरा गड्ढा, खतरे में राहगीरों की जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सेक्टर-122 जूडियो मॉल के पास सड़क का एक हिस्सा धंसने से गहरा गड्ढा बन गया है। रात के समय रोशनी कम होने के कारण वाहन चालकों को इसका अंदाजा नहीं लग पाता। मंगलवार देर रात लगातार दो कारें इसी गड्ढे में जा गिरीं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार सवारों की मदद कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया।
स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी, जल्द मरम्मत की मांग
इलाके के लोगों का कहना है कि रोजाना इस रास्ते से बड़ी संख्या में वाहन और पैदल लोग गुजरते हैं। गड्ढे की वजह से हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने नोएडा प्राधिकरण से तत्काल गड्ढा भरने, बैरिकेडिंग करने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है ताकि किसी की जान जोखिम में न पड़े।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






