Breaking News

नोएडा में पिटबुल का हमला, टहल रही महिला पर झपटा, महिला गंभीर रूप से घायल, पति ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

top-news
नोएडा के सेक्टर-50 में टहलने निकली महिला पर पिटबुल डॉग ने हमला कर दिया। हमले में महिला की टेल बोन में फ्रैक्चर हुआ। निजी अस्पताल में इलाज के बाद परिजनों ने थाना सेक्टर-49 में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

नोएडा के सेक्टर-50 में मॉर्निंग वॉक के दौरान एक महिला पर पिटबुल डॉग के हमले का मामला सामने आया है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी टेल बोन में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। घटना के बाद से महिला सदमे में हैं और परिवार में दहशत का माहौल है। मामले को लेकर महिला के पति ने थाना सेक्टर-49 पुलिस में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


टहलने के दौरान अचानक किया हमला

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-50 निवासी निधि राठी टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान एक पिटबुल डॉग ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह महिला को बचाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की जांच में उनकी टेल बोन में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई। घटना के बाद महिला शारीरिक चोट के साथ-साथ मानसिक रूप से भी काफी परेशान बताई जा रही हैं।


पुलिस से कार्रवाई की मांग, जांच शुरू

घायल महिला के पति ने घटना की लिखित शिकायत थाना सेक्टर-49 पुलिस को दी है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद सेक्टर के लोगों ने भी सार्वजनिक स्थानों पर पालतू कुत्तों को नियंत्रित रखने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *