क्रेडिट कार्ड के झांसे में आया युवक, खाते से उड़ गए 7.80 लाख रुपये, नोएडा में साइबर ठगी का मामला
- Shiv Kumar
- 13 Jul, 2026
नोएडा में फेसबुक पर दिखे पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के क्रेडिट कार्ड के विज्ञापन पर भरोसा करना एक 69 वर्षीय बुजुर्ग को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताकर ऑनलाइन प्रक्रिया के नाम पर बैंकिंग जानकारी हासिल की और पीड़ित के खातों से 7.80 लाख रुपये उड़ा दिए। मामले में पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
व्हाट्सऐप कॉल के बाद ऑनलाइन फॉर्म भरवाकर की ठगी
सेक्टर-61 स्थित प्रतीक फेडोरा सोसाइटी निवासी राजेश सरीन ने पुलिस को बताया कि 18 मई 2025 को उन्हें फेसबुक पर पंजाब नेशनल बैंक के क्रेडिट कार्ड से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन देखने के कुछ देर बाद उनके पास व्हाट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए क्रेडिट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिया। इसके बाद एक ऑनलाइन फॉर्म भेजा गया, जिसे भरते समय उनसे बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी ले ली गई। जानकारी मिलते ही साइबर ठगों ने इंटरनेट बैंकिंग के जरिए उनके पीएनबी के तीन बचत खातों से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 7.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।
शिकायत के बाद जांच शुरू, पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
पीड़ित को खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर उन्होंने अगले ही दिन राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के तहत बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन का ब्योरा खंगाला जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले बैंक या वित्तीय विज्ञापनों पर बिना पुष्टि भरोसा न करें और किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, इंटरनेट बैंकिंग या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






