नोएडा एयरपोर्ट से यात्रा करने वालों को झटका, अकासा एयर ने नवी मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट रोकी, जानिए कंपनी ने क्या बताई वजह
- Shiv Kumar
- 13 Jul, 2026
जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। अकासा एयर ने फिलहाल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच संचालित अपनी सीधी उड़ान सेवा बंद कर दी है। इसके साथ ही जेवर से बेंगलुरु जाने वाली अकासा एयर की फ्लाइटों की बुकिंग भी फिलहाल उपलब्ध नहीं है। एयरलाइन का कहना है कि यात्रियों की कम मांग, एयरपोर्ट तक सीमित कनेक्टिविटी और अपेक्षाकृत अधिक यात्रा लागत को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह रूट स्थायी रूप से बंद नहीं किया गया है।
कम यात्री और महंगी टैक्सी सेवा से प्रभावित हुई मांग
सूत्रों के अनुसार, नोएडा और नवी मुंबई दोनों एयरपोर्ट तक फिलहाल सीधी मेट्रो या रैपिड रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए मुख्य रूप से टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है, जिससे यात्रा खर्च बढ़ जाता है। यही वजह है कि इस रूट पर अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिल पाए। इसी कारण अकासा एयर ने बेंगलुरु की उड़ानों को भी फिलहाल निलंबित कर दिया है। एयरलाइन का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में इन रूटों पर परिचालन व्यावसायिक रूप से व्यवहारिक नहीं है।
1 अक्टूबर से दोबारा शुरू होगी सेवा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन 15 जून 2026 से शुरू हुआ था। इसके अगले दिन यानी 16 जून से अकासा एयर ने फ्लाइट संख्या QP 2017 के जरिए नोएडा और नवी मुंबई के बीच सीधी सेवा शुरू की थी। अब इस रूट को अस्थायी रूप से बंद करने के बाद कंपनी ने मुंबई के लिए दो नई दैनिक उड़ानें शुरू की हैं, जो दोपहर 2:10 बजे और रात 9:05 बजे संचालित होंगी। अकासा एयर के प्रवक्ता के अनुसार, कंपनी समय-समय पर यात्रियों की मांग, मौसम, ऑपरेशनल क्षमता और विमान उपलब्धता के आधार पर अपने नेटवर्क और शेड्यूल में बदलाव करती रहती है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच सीधी उड़ान सेवा 1 अक्टूबर 2026 से दोबारा शुरू किए जाने की योजना है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






