Breaking News

गौतमबुद्ध नगर में 300 से ज्यादा जिम पर लटकी कार्रवाई की तलवार, बिना NOC चल रहे सेंटर हो सकते हैं सील, नोटिस के बाद शुरू होगा एक्शन

top-news
गौतमबुद्ध नगर में बिना NOC चल रहे 300 से अधिक जिम और फिटनेस सेंटरों पर खेल विभाग सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। अंतिम नोटिस के बाद नियमों का पालन नहीं करने वाले जिमों को बंद कराने के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।

गौतमबुद्ध नगर में बिना अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) संचालित हो रहे 300 से अधिक जिम और फिटनेस सेंटरों पर जल्द बड़ी कार्रवाई हो सकती है। खेल विभाग ने ऐसे सभी संचालकों को अंतिम नोटिस जारी करने की तैयारी कर ली है। नोटिस के बावजूद नियमों का पालन नहीं करने वाले जिम और फिटनेस सेंटरों को बंद कराने के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा। विभाग का कहना है कि कई बार अपील के बावजूद अधिकांश संचालकों ने अब तक एनओसी नहीं ली है। ऐसे में अब नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


अब तक सिर्फ 59 जिम ने ली NOC

प्रभारी जिला खेल अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि जिले में अब तक केवल 59 जिम और फिटनेस सेंटरों ने खेल विभाग से एनओसी प्राप्त की है। जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 300 से अधिक जिम बिना आवश्यक अनुमति के संचालित हो रहे हैं। विभाग ने पहले भी कई बार संचालकों से एनओसी लेने की अपील की थी, लेकिन अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली। अब अंतिम नोटिस जारी कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


निरीक्षण में मिले कई जिम नियमों का उल्लंघन करते हुए

खेल विभाग द्वारा हाल के महीनों में किए गए निरीक्षण के दौरान कई जिम और फिटनेस सेंटर बिना एनओसी संचालित होते पाए गए। विभाग ने ऐसे सभी केंद्रों को चिन्हित कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, नोटिस जारी करने के बाद यदि संचालक नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो संबंधित जिम को बंद कराने के लिए जिलाधिकारी को संस्तुति भेजी जाएगी। विभाग का कहना है कि खिलाड़ियों और आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए नियमों का पालन अनिवार्य है।


कई बड़े फिटनेस ब्रांड भी सूची में शामिल

खेल विभाग के अनुसार, जिन प्रमुख फिटनेस सेंटरों ने अब तक एनओसी नहीं ली है, उनमें एनीटाइम फिटनेस, कल्ट फिट, एनीडे फिटनेस, हाउस ऑफ़ फिटनेस, फिटनेस यार्ड, K11 फिटनेस क्लब, एंकर फिटनेस क्लब, मराखी फिटनेस स्टूडियो, द फोर्ज जिम, NS फिटनेस क्लब, AS फिटनेस क्लब, फिट फ़ैक्ट्री जिम, फिटनेस 911, एब्सोल्यूट फिटनेस ज़ोन और SK फिटनेस जिम जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई में किसी भी संस्था को विशेष छूट नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *