नोएडा के मामूरा गांव में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, करीब 50 परिवार फंसे, दमकल और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
- Shiv Kumar
- 15 Jul, 2026
नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र स्थित मामूरा गांव में बुधवार को एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही इमारत में रहने वाले करीब 50 परिवार धुएं और लपटों के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल रहा।
घंटों चला रेस्क्यू, सभी लोगों को सुरक्षित निकाला गया
आग तेजी से फैलने के कारण इमारत में धुआं भर गया और कई लोग अपने कमरों में ही फंस गए। दमकल विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग पर भी काबू पा लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
मकान मालिक पर होगी कार्रवाई, जांच शुरू
घटना के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में भवन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि भवन में अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






