Breaking News

नोएडा में निवेश के नाम पर इंजीनियर से 26.80 लाख की साइबर ठगी, फर्जी ट्रेडिंग ऐप में मुनाफे का झांसा देकर उड़ाई रकम

top-news
नोएडा के सेक्टर-49 निवासी एक इंजीनियर से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 26.80 लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। ठगों ने व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश कराया। पैसे निकालने की कोशिश करते ही ऐप बंद हो गया।

नोएडा के सेक्टर-49 निवासी एक इंजीनियर ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उनसे 26.80 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले पीड़ित को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा, जहां निवेश पर भारी रिटर्न का दावा किया गया। इसके बाद प्ले स्टोर से मिलता-जुलता एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया और अलग-अलग बैंक खातों में

पांच किश्तों में रकम ट्रांसफर कराई। जब पीड़ित ने मुनाफे की राशि निकालने की कोशिश की तो ऐप बंद हो गया और ठगों से संपर्क भी टूट गया।


शुरुआत में दिखाया मुनाफा, फिर बढ़वाया निवेश

पीड़ित अमर कुमार, जो सेक्टर-49 के हिंडन विहार के रहने वाले हैं, ने बताया कि 27 फरवरी से 7 अप्रैल के बीच ठग लगातार उन्हें निवेश बढ़ाने के लिए प्रेरित करते रहे। शुरुआत में ट्रेडिंग ऐप पर अच्छा मुनाफा दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग चरणों में कुल 26.80 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने जमा रकम और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो ऐप अचानक बंद हो गया और व्हाट्सएप ग्रुप भी गायब हो गया।


साइबर थाने में केस दर्ज, बैंक खातों की जांच शुरू

ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने में भी तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना पुलिस उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई थी। साथ ही खाताधारकों और लेनदेन से जुड़े लाभार्थियों का विवरण भी खंगाला जा रहा है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान ट्रेडिंग ऐप या व्हाट्सएप निवेश ग्रुप के झांसे में आने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *