Breaking News

नोएडा के छिजारसी गांव में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से बड़ा हादसा, 5 लोग झुलसे, स्कूटी जलकर राख, एक की हालत गंभीर

top-news
नोएडा के छिजारसी गांव में 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से पांच लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे में एक स्कूटी भी जलकर राख हो गई। एक घायल की हालत गंभीर है, जबकि बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगे हैं।

सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के छिजारसी गांव में बुधवार शाम हाईटेंशन बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से पांच लोग झुलस गए, जबकि मौके पर खड़ी एक स्कूटी में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।


11 हजार केवी लाइन का तार गिरने से मचा हड़कंप

पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-63 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि 11 हजार केवी बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। उसी समय वहां से गुजर रहे लोग करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने के कारण पास में खड़ी एक स्कूटी में भी आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरी तरह जल गई।


एक की हालत गंभीर, चार घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल लोगों की पहचान निधि (15), प्रिया (17), मुकेश राम (38), पवित्र (41) और रवि चौधरी के रूप में हुई है। इनमें रवि चौधरी गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, अन्य चार घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप, जांच की मांग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार टूटते ही तेज धमाके के साथ चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस व बिजली विभाग को सूचना दी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर बिजली लाइनों के रखरखाव में गंभीर अनदेखी की जा रही है। लोगों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और क्षेत्र की सभी हाईटेंशन लाइनों की तत्काल जांच कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *