नोएडा में निवेश के नाम पर 44 लाख की ठगी, टेलीग्राम और WhatsApp के जरिए फंसाकर डबल मुनाफे का दिया झांसा

top-news
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने क्रिप्टोकरेंसी और विदेशी शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर महिला समेत दो लोगों से करीब 44 लाख रुपये ठग लिए। दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने क्रिप्टोकरेंसी और विदेशी शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर महिला समेत दो लोगों से करीब 44 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने टेलीग्राम और वॉट्सऐप के जरिए संपर्क कर कम समय में दोगुना मुनाफा दिलाने का दावा किया और फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म के माध्यम से रकम ट्रांसफर करा ली। पैसे जमा होने के बाद ठगों ने दोनों पीड़ितों से संपर्क तोड़ दिया। शिकायत मिलने पर साइबर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


टेलीग्राम ग्रुप के जरिए महिला से 20.92 लाख रुपये की ठगी

सेक्टर-107 स्थित लोटस-300 सोसायटी निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि 17 जुलाई 2025 को उन्हें टेलीग्राम पर वर्क फ्रॉम होम और क्रिप्टोकरेंसी निवेश से जुड़े एक ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में मौजूद लोगों ने खुद को निवेश कंपनी का प्रतिनिधि बताकर कम समय में भारी मुनाफा मिलने का दावा किया। रोजाना मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाकर उनका विश्वास जीता गया। बाद में यह कहकर दबाव बनाया गया कि यदि आगे निवेश नहीं किया तो पहले लगाया गया पैसा भी डूब जाएगा। झांसे में आकर महिला ने अलग-अलग किस्तों में 20 लाख 92 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने और पैसे जमा करने की मांग शुरू कर दी।


विदेशी शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर 23 लाख से अधिक की ठगी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी स्थित गैलेक्सी नॉर्थ एवेन्यू-1 सोसायटी निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि पिछले वर्ष वॉट्सऐप के माध्यम से उनसे संपर्क किया गया। ठगों ने विदेशी शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। उनकी बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में 23 लाख 6 हजार 732 रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने सभी तरह का संपर्क समाप्त कर दिया। दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप पर मिलने वाले किसी भी निवेश प्रस्ताव पर बिना सत्यापन भरोसा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *