नोएडा के सेक्टर-94 अंडरपास में जलभराव, पानी में फंसी इको वैन और दो बाइक, लोगों ने धक्का देकर बचाया
- Shiv Kumar
- 28 Jul, 2026
नोएडा में मंगलवार सुबह हुई लगातार बारिश के बाद एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। सेक्टर-94 स्थित अंडरपास में भारी जलभराव होने से वहां से गुजर रही एक इको वैन बीच रास्ते में फंस गई। वैन के पीछे आ रही दो बाइक भी पानी में बंद हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और काफी मशक्कत के बाद वैन को पानी से बाहर निकाला गया।
बारिश के बाद अंडरपास बना तालाब, वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के कारण सेक्टर-94 अंडरपास पूरी तरह पानी से भर गया। जलभराव इतना अधिक था कि कई वाहन उसमें फंस गए। इको वैन चालक ने वाहन निकालने की कोशिश की, लेकिन वैन पानी में बंद हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही दो बाइक भी पानी में फंस गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए वैन को धक्का लगाया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राधिकरण के दावों पर फिर उठे सवाल
नोएडा प्राधिकरण ने दावा किया था कि 15 जुलाई तक सभी नालों की सफाई पूरी कर ली जाएगी और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या नहीं होगी। इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में सड़कों और अंडरपास में पानी भर गया। कई मुख्य मार्गों पर भी इतना पानी जमा हो गया कि वाहनों के पहिए तक डूब गए, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पानी निकालने में जुटी टीमें, लोगों ने जताई नाराजगी
जलभराव की सूचना मिलने के बाद प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और जनरेटर संचालित पंपों की मदद से अंडरपास से पानी निकालने का काम शुरू किया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है और करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जल निकासी व्यवस्था में कोई सुधार दिखाई नहीं देता।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






