ग्रेटर नोएडा में 9वें दिन भी जारी धरना, मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर अंसल गोल्फ लिंक-1 के निवासी आंदोलन पर, CM योगी से लगाई गुहार

top-news
ग्रेटर नोएडा के अंसल गोल्फ लिंक-1 के निवासी पिछले नौ दिनों से सड़क, सीवर, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्राधिकरण के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।

ग्रेटर नोएडा के परी चौक के पास स्थित अंसल गोल्फ लिंक-1 के निवासी पिछले नौ दिनों से मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि वर्षों बीत जाने के बावजूद सोसाइटी में सड़क, सीवर, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत और मांग उठाने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा है।


सड़क, सीवर और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं का अभाव

धरने पर बैठे निवासियों के अनुसार अंसल गोल्फ लिंक-1 में करीब 800 से अधिक प्लॉट हैं, जिनमें आधे से ज्यादा पर लोग रह रहे हैं। इसके बावजूद सोसाइटी में पक्की सड़कें नहीं हैं और सीवर लाइन की व्यवस्था भी नहीं की गई है। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती है, जबकि स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात के समय पूरे इलाके में अंधेरा रहता है। इसके अलावा रिहायशी क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने से भी स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


राशि जमा करने के बाद भी नहीं हुआ विकास कार्य

निवासियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पहले अंसल बिल्डर से इस फ्रीहोल्ड कॉलोनी का टेकओवर किया था और रखरखाव के लिए प्रति प्लॉट एक निर्धारित राशि भी तय की थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आधे से अधिक निवासियों ने यह राशि जमा भी कर दी, लेकिन इसके बावजूद आज तक कोई विकास कार्य शुरू नहीं किया गया। उनका कहना है कि लगातार शिकायतों के बाद भी अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन ही मिले हैं।


मुख्यमंत्री से लगाई हस्तक्षेप की गुहार

धरने में बड़ी संख्या में रिटायर्ड बीएसएफ और एयरफोर्स के जवान भी शामिल हैं। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर यहां मकान बनाया, लेकिन आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द सड़क, सीवर, स्ट्रीट लाइट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। निवासियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *