ODI World Cup 2027: अगले साल के वनडे विश्व कप के वेन्यू घोषित, दक्षिण अफ्रीका के 8 मैदानों पर होंगे मुकाबले
- Shiv Kumar
- 31 Jul, 2026
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2027 वनडे विश्व कप के लिए 12 मेजबान स्टेडियमों की घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। खास बात यह है कि 24 साल बाद वनडे विश्व कप की मेजबानी एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका को मिली है। इससे पहले वर्ष 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने संयुक्त रूप से इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी की थी।
दक्षिण अफ्रीका के 8 स्टेडियमों में होंगे मुकाबले
आईसीसी ने जोहानिसबर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेजबान शहरों और स्टेडियमों का ऐलान किया। दक्षिण अफ्रीका के आठ प्रमुख स्टेडियमों में मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें वांडरर्स स्टेडियम (जोहानिसबर्ग), सुपरस्पोर्ट पार्क (सेंचुरियन), न्यूलैंड्स (केपटाउन), किंग्समीड (डरबन), सेंट जॉर्ज पार्क (गकेबेर्हा), मंगाउंग ओवल (ब्लोमफोंटेन), बोलैंड पार्क (पार्ल) और बफेलो पार्क शामिल हैं।
जिम्बाब्वे और नामीबिया भी निभाएंगे अहम भूमिका
जिम्बाब्वे में हरारे स्पोर्ट्स क्लब, क्वींस स्पोर्ट्स क्लब (बुलावायो) और फाले मोसी-ओआ-टुन्या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (विक्टोरिया फॉल्स) को मेजबानी मिली है। वहीं, नामीबिया की राजधानी विंडहोक स्थित नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड भी टूर्नामेंट के मैचों की मेजबानी करेगा। कार्यक्रम में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व और वर्तमान क्रिकेट सितारों के साथ जिम्बाब्वे और नामीबिया के कई दिग्गज खिलाड़ी भी मौजूद रहे।
नए प्रारूप में खेला जाएगा टूर्नामेंट
आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 में कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे। इस बार टूर्नामेंट तीन चरणों वाले नए प्रारूप में आयोजित होगा। शुरुआत सुपर सीरीज से होगी, जिसके बाद 12 टीमों के बीच ग्रुप चरण खेला जाएगा। इसके बाद सुपर-7 चरण होगा, जहां से शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। अंत में विजेता का फैसला फाइनल मुकाबले में होगा।
जय शाह ने जताया भरोसा
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि 24 साल बाद दक्षिण अफ्रीका में वनडे विश्व कप की वापसी क्रिकेट जगत के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर एक यादगार टूर्नामेंट आयोजित करेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






