नोएडा में बस ड्राइवर ने दिव्यांग छात्रा से किया छेड़छाड़, FIR के बाद आरोपी गिरफ्तार, निजी स्कूल से मांगे गए दस्तावेज

top-news
ग्रेटर नोएडा के एक निजी स्कूल की मूक-बधिर छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले में स्कूल बस चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से चालक के सत्यापन और नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं तथा पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल की सातवीं कक्षा की मूक-बधिर छात्रा से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा की मां की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


छात्रा ने इशारों में बताई आपबीती

एफआईआर के अनुसार, करीब 15 वर्षीय छात्रा सुनने और बोलने में दिव्यांग है। परिजनों का आरोप है कि छात्रा ने इशारों के माध्यम से बताया कि स्कूल बस चालक सभी बच्चों के उतरने के बाद उसे सबसे अंत में बस से उतारता था और इस दौरान उसके साथ कथित रूप से गलत हरकत करता था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चालक ने छात्रा को अनुचित तरीके से छुआ और उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की।


मेरठ प्रतियोगिता के दौरान भी लगाया आरोप

परिजनों का कहना है कि अप्रैल में मेरठ में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान भी आरोपी चालक ने बस यात्रा के समय छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ की थी। इसके बाद परिवार ने 31 जुलाई को नॉलेज पार्क थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।


आरोपी चालक गिरफ्तार, स्कूल को नोटिस

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बस चालक लव कुश यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि मामला करीब चार महीने पुराना बताया जा रहा है। जांच के तहत स्कूल की बसों का संचालन करने वाले विभाग को नोटिस जारी कर चालक की नियुक्ति, पुलिस सत्यापन और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए हैं। साथ ही प्रतियोगिता में छात्रा के साथ गए शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।


राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी है छात्रा

परिजनों के मुताबिक, पीड़ित छात्रा शूटिंग की प्रतिभाशाली खिलाड़ी है। उसने हाल ही में राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में रजत पदक जीता है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक सहित तीन पदक अपने नाम कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *