Breaking News

नोएडा में दोपहिया वाहन चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, 2 आरोपी गिरफ्तार, 8 वाहन और अवैध चाकू बरामद

top-news
नोएडा सेक्टर-58 पुलिस ने दो अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर 7 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी और अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपी दिल्ली-एनसीआर से वाहन चोरी कर बेचते थे। दोनों के खिलाफ कई जिलों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दोपहिया वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 7 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी और एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।


दिल्ली-एनसीआर से चोरी कर बेचते थे वाहन

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीटू पुत्र कलुआ और एकान्त उर्फ मोनू पुत्र बबलू के रूप में हुई है। दोनों को सेक्टर-57 स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर की भीड़भाड़ वाली मार्केट, मॉल और कंपनियों की पार्किंग से मौका देखकर मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थानों पर छिपा दिया जाता था और बाद में ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें बेच दिया जाता था। इस अवैध कारोबार से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल दोनों अपने शौक और नशे की लत पूरी करने में करते थे।


आरोपियों पर कई राज्यों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी टीटू पर बुलंदशहर, गाजियाबाद, दिल्ली और गौतमबुद्धनगर समेत कई स्थानों पर वाहन चोरी, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट के तहत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं एकान्त उर्फ मोनू के खिलाफ भी दिल्ली और उत्तर प्रदेश में वाहन चोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।


8 वाहन और अवैध हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 8 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनमें 7 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी शामिल है। बरामद वाहनों में कई ऐसे वाहन भी हैं, जिनके संबंध में दिल्ली, गाजियाबाद और अन्य स्थानों पर पहले से चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी टीटू के कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।


गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

सेक्टर-58 थाना पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी और खरीद-फरोख्त से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चोरी के वाहन किन-किन लोगों को बेचे गए और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *