नोएडा में तेज रफ्तार SUV ने ली सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जान, 23 वर्षीय युवक की मौत, चालक गिरफ्तार
- Shiv Kumar
- 03 Aug, 2026
नोएडा के सेक्टर-99 तिराहे के पास शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अर्नव कटारिया की मौत हो गई। तेज रफ्तार एसयूवी और स्पोर्ट्स बाइक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया, जबकि एसयूवी का बोनट भी खुल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने बिना देर किए गंभीर रूप से घायल अर्नव को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन भी कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
हादसे के बाद अस्पताल पहुंचीं मां, लेकिन नहीं बच सकी बेटे की जान
पुलिस के अनुसार, अर्नव कटारिया शनिवार दोपहर करीब एक बजे अपनी स्पोर्ट्स बाइक से सेक्टर-99 से सेक्टर-49 की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह सेक्टर-99 तिराहे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही ग्रैंड विटारा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्नव गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दोपहर करीब तीन बजे उनकी मां डॉ. शालिनी वर्मा अस्पताल पहुंचीं, तब तक डॉक्टर उन्हें मृत घोषित कर चुके थे। अर्नव के पिता पंकज कटारिया एक बहुराष्ट्रीय मार्केटिंग कंपनी में कार्यरत हैं। परिवार के अनुसार, अर्नव ने बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में अपना करियर शुरू किया था।
आरोपी चालक गिरफ्तार, हादसे की जांच जारी
मृतक की मां ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि बेटे की गंभीर हालत देखने के बावजूद कार चालक अस्पताल से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-39 पुलिस ने अट्टा निवासी जय किशन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ग्रैंड विटारा कार को भी जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी डी.पी. शुक्ला ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि दुर्घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






