नोएडा में 34 करोड़ रुपये की लागत से जीरो शेप स्काईवॉक का निर्माण शुरू, रोजाना 5 लाख पैदल यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
- Shiv Kumar
- 05 Aug, 2026
नोएडा के सेक्टर-62 स्थित मॉडल टाउन गोलचक्कर पर शहर का अनोखा जीरो (0) आकार का स्काईवॉक बनना शुरू हो गया है। फिलहाल परियोजना के तहत पिलरों की पाइलिंग का काम चल रहा है। नोएडा प्राधिकरण का दावा है कि यह स्काईवॉक तैयार होने के बाद रोजाना करीब 5 लाख पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवाजाही का लाभ मिलेगा। इसमें नोएडा और गाजियाबाद के बीच आने-जाने वाले बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
34.34 करोड़ की लागत, छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य
नोएडा प्राधिकरण के अनुसार इस परियोजना पर करीब 34.34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण एजेंसी को मार्च में वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया था, लेकिन रिवर्स मेट्रो परियोजना के कार्य के कारण निर्माण शुरू होने में देरी हुई। अब निर्माण कार्य तेज गति से शुरू कर दिया गया है और इसे अगले छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
530 मीटर लंबा होगा स्काईवॉक, लिफ्ट और एस्केलेटर की भी सुविधा
प्राधिकरण के मुताबिक स्काईवॉक की कुल लंबाई 530 मीटर होगी। इसमें 350 मीटर का गोलाकार (जीरो आकार) हिस्सा और 180 मीटर का सीधा कॉरिडोर बनाया जाएगा। पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्काईवॉक पर दो लिफ्ट और दो एस्केलेटर लगाए जाएंगे। इससे बुजुर्गों, दिव्यांगों और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले लोगों को सड़क पार करने में आसानी होगी। डिजाइन को सभी वर्गों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है।
निर्माण के दौरान ट्रैफिक पर रहेगा खास ध्यान
प्राधिकरण ने निर्माण कार्य के दौरान ट्रैफिक बाधित न हो, इसके लिए चरणबद्ध कार्य योजना और डायवर्जन प्लान तैयार किया है। अधिकारियों का कहना है कि मॉडल टाउन गोलचक्कर नोएडा और गाजियाबाद को जोड़ने वाले सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है। ऐसे में निर्माण कार्य इस तरह किया जाएगा कि लोगों को जाम और आवागमन में कम से कम परेशानी हो। स्काईवॉक बनने के बाद सड़क पार करना पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और आसान होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






